ट्रक चालक के खिलाफ बिलासपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र में 25 अक्तूबर की सुबह ट्रक ने लोडिंग टेंपो को टक्कर मार दी। इस हादसे में टेंपो चालक जसवंत की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ सड़क हादसे में मौत संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
मृतक की पहचान डूंडाहेड़ा गांव निवासी जसवंत के रूप में हुई है। वह लोडिंग टेंपो में सामान ढोने का काम करता था। 25 अक्तूबर की सुबह वह बावल से सामान उतारकर गुरुग्राम लौट रहा था। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राठीवास फ्लाईओवर के पास ट्रक ने उसके टेंपो को टक्कर मार दी। जसवंत गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे एंबुलेंस बुलाकर सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे वहां मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मृतक के भाई दिपांशु की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।