पड़ोसी के कमरे में कंबल से ढका मिला शव, पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कियाअमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-40 थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। नाबालिगा की मां ने उसे बाथरूम में रखा बर्तन धोने का साबुन लेने के लिए भेजा था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो मां उसे ढूंढने लगी। इस बारे में महिला ने अपने पति को सूचना दी । पति काम छोड़कर वापस घर आया और बेटी को ढूंढने लगा तो पड़ोसी के कमरे में बेटी का लहूलुहान शव कंबल से ढका मिला। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने हत्या के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक के पिता ज्ञानी थापा नेपाल के रहने वाले हैं और 2019 से सेक्टर-40 थाना एरिया में रहते थे। उनके पड़ोस में नेपाल का ही रहने वाला राम बहादुर उर्फ रामू भी किराये पर रहता था। जो उनकी बेटी को अपनी भांजी मानता था। वह उसे कभी रुपये देता था तो कभी खाने के लिए सामान लेकर आता था। आरोप है कि करीब छह महीने पहले रामू ने उनकी बेटी पर मोबाइल और नकदी चोरी करने का आरोप लगाया था। इस बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई थी। इस दौरान रामू ने उन्हें परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की धमकी दी थी। इस पर वह अपने परिवार को लेकर दूसरे स्थान पर किराये का मकान लेकर रहने लगे। लेकिन रामू भी उसके मकान में आ गया। कल जब उनकी बेटी साबुन लेने के लिए गई थी और वापस नहीं लौटी तो उनकी पत्नी ने उन्हें बताया। जब वह रात को घर लौटे तो उन्होंने कमरे के बाहर खड़े रामू से बेटी के बारे में पूछा तो उसने कह दिया कि वह मोमोज लेने गई है। लेकिन उसकी बात पर उन्हें शक हुआ और रामू के कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो रामू ने दरवाजा नहीं खोलने दिया। जबरन वह जब उसके कमरे में प्रवेश कर गए तो पाया कि कंबल से कुछ ढका हुआ है। जब कंबल हटाया तो उनकी बेटी का लहूलुहान शव था। इसके बाद रामू मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ज्ञानी थापा की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपी फरार चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।