गुरुग्राम में खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में हादसा, हादसे के वक्त बच्ची की मां गई थी काम पर, अकेले सो रही थी मासूम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़की दौला थाना क्षेत्र में झुग्गी की दीवार गिरने से चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। झुग्गी के पास ही सड़क निर्माण का काम चल रहा था। यहां जेसीबी से हो रही खोदाई में कंपन के कारण झुग्गी की दीवार गिर गई और मासूम उसमें दब गई। हादसे के समय मासूम बच्ची झुग्गी में अकेले ही सो रही थी। उसके पिता मुंबई में काम करते हैं। जबकि मां भी पास में ही काम पर गई हुई थी। पुलिस ने जेसीबी चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार खेड़की दौला थाना क्षेत्र के सेक्टर-81 में मानेसर नगर निगम की ओर से नखड़ौला से नवादा तक सड़क निर्माण किया जा रहा है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे जेसीबी चालक बंगाली मार्केट के पास खोदाई कर रहा था। समीप ही बनी झुग्गी में चार साल की जैसमीन खातून निवासी दक्षिण दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) सो रही थी। जबकि उसकी मां पास में ही ही कहीं काम पर गई थी।
पुलिस के अनुसार जेसीबी के कंपन के कारण वहां पर मौजूद झुग्गी की दीवार भरभराकर गिर गई। इससे झुग्गी के अंदर सो रही चार साल की मासूम जैसमीन दीवार के नीचे दब गई। दीवार गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को बाहर निकाला गया। उसे तत्काल ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर थाना खेड़की दौला की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुची। लोगों ने जेसीबी चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।