गुुरुग्राम। हरियाणा राज्य के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को डिजिटल कंटेंट डेवलपमेंट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है। जिसके तहत विभिन्न जिलों के लगभग 3500 शिक्षकों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। ताकि कोरोना संक्रमण के कारण स्कूल बंद होने के बाद ऑनलाइन शिक्षा देने के दौरान कोई परेशानी न आए।
एससीईआरटी के उपनिदेशक डॉ. सुनील बजाज की अध्यक्षता में यह कार्य एजुकेट एजुकेशन टेक्नोलॉजी बैंक के द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत 4 चरणों में शिक्षकों की क्षमता निर्माण और डिजिटल कंटेंट डेवलपमेंट के निर्माण का लक्ष्य है। एससीईआरटी में 20 सदस्यों का एक नए राज्य रिसोर्स समूह सीआईईटी द्वारा 10 दिनों का प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है। राज्य रिसोर्स समूह के नए सदस्य पहले से उपलब्ध 100 सदस्यों की टीम का हिस्सा बनेंगे और सभी जिलों के चयनित सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। एससीईआरटी की मीडिया प्रभारी तनु भारद्वाज ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर राज्य के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों की एक ऑनलाइन बैठक आयोजित करके ईटी विंग अनुभागाध्यक्ष सुमन शर्मा और कार्यक्रम के राज्य संयोजक मनोज कौशिक ने अपने डिजिटल कंटेंट डेवलपमेंट के राज्य प्लान-2021 की जानकारी सभी आईटी टीम को दी है।