सेक्टर-14 से सेक्टर-22 तक डाली गई पाइपलाइन, शोधित पानी पहुंचाने का ट्रायल पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-22 स्थित ताऊ देवी लाल पार्क में अब सीवर शोधित पानी से हरियाली को बनाए रखा जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने पार्क तक शोधित पानी पहुंचाने का ट्रायल भी कर लिया है। योजना के तहत इस पानी का इस्तेमाल वायु सेना स्टेशन, पुरानी दिल्ली रोड और सनाथ रोड की ग्रीन बेल्ट में भी किया जाएगा।
जीएमडीए की ओर से सीवर शोधित पानी के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत पार्कों और ग्रीन बेल्ट के साथ अन्य गैर-पेयजल जरूरतों में भी शोधित पानी के इस्तेमाल की योजना है। पुरानी दिल्ली रोड, सनथ रोड, ताऊ देवी लाल पार्क सेक्टर-22 और वायु सेना स्टेशन तक शोधित पानी पहुंचाने के लिए पंपिंग मशीनरी, मुख्य वितरण रिसाइकिल पाइपलाइन और भूमिगत टैंक का निर्माण किया गया है। शोधित पानी की पाइपलाइन सेक्टर-14 स्थित नेताजी सुभाष चौक से सेक्टर-22 स्थित ताऊ देवी लाल पार्क तक डाली गई है। इसके अलावा नेताजी सुभाष पार्क और ताऊ देवी लाल पार्क में भूमिगत टैंक बनाए गए हैं। सेक्टर-14 स्थित टैंक से पानी को पंप कर सेक्टर-22 तक पहुंचाया गया है। हालांकि सेक्टर-14 के भूमिगत टैंक में मोटर के लिए बिजली से संबंधित कुछ काम अभी बाकी है।
-
शोधित पानी का इस्तेमाल पार्कों और ग्रीन बेल्ट में किया जाएगा। बहरामपुर स्थित सीवर शोधित संयंत्र से शोधित पानी की मास्टर लाइन एमडीआई चौक के पास तक है। अब इसे सेक्टर-22 तक पहुंचा दिया गया है। इससे पार्क में नियमित रूप से हरियाली बनाए रखने में मदद मिलेगी। - भीम आर्य, कार्यकारी अभियंता,जीएमडीए