सुखबीर सिंह बादल को उपचार के लिए शुक्रवार शाम छह बजकर 40 मिनट पर मेदांता अस्पताल लाया गया। उन्हें 15वीं मंजिल पर 36 नंबर बेड पर रखा गया है। प्लास्टिक सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. संजय महेंद्रू की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उनके घावों की जांच की जा रही है।
बता दें कि सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड में हुए हमले में उन्हें चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेदांता लाया गया। आरोपी जसपाल सिंह ने गुरुद्वारे में उन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन बादल ने वार रोक लिया और उनके हाथ में चोट आई। जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र में सुखबीर बादल के साथ सीआईएसएफ के जवान तैनात नहीं थे। सीआईएसएफ की सुरक्षा उन्हें पंजाब और दिल्ली में मिलती है। महाराष्ट्र में पंजाब पुलिस और स्थानीय एसपीयू सुरक्षा में थी। आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में पंजाब के ड्रग्स मुद्दे पर नाराजगी की बात कही है। महाराष्ट्र एटीएस और केंद्रीय एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
सवाल इसलिए भी बड़ा है क्योंकि सूत्रों के मुताबिक सुखबीर सिंह बादल को सीआईएसएफ के जवान सिर्फ पंजाब और दिल्ली में मिलते हैं। महाराष्ट्र में सुरक्षा की जिम्मेदारी दूसरे सुरक्षा बलों पर थी। हमले के बाद अब यही व्यवस्था जांच के घेरे में है। पुलिस आरोपी जसपाल सिंह के मकसद से लेकर किसी संभावित साजिश तक हर पहलू खंगाल रही है। महाराष्ट्र एटीएस और केंद्रीय जांच एजेंसियों ने भी उससे पूछताछ की है।