गुरुग्राम। सेक्टर-109 स्थित चिनटेल्स सोसाइटी में 10 फरवरी को हुए हादसे के बाद वहां पुनर्वास कार्य देख रहे जिला नगर योजनाकार आरएस बाठ रविवार को सोसाइटी पहुंचेंगे। रविवार को सोसाइटी के लोगों से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। इस संबंध में शुक्रवार को जांच के लिए बनाई गई प्रशासन की समिति के साथ आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञों की बैठक हुई थी।
आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञों ने अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में संकेत दिया है कि चिनटेल्स सोसाइटी की इमारतों के निर्माण में बिल्डर ने जिस सामग्री का इस्तेमाल किया है वह बेहद घटिया है। हादसे के बाद यहां रहने वाले लोग अपने फ्लैटों के भविष्य को लेकर आशंकित हैं। लोग कह रहे हैं कि अब सवाल पूरी सोसाइटी की इमारत का है। अधिकांश लोग चाहते हैं कि बिल्डर पूरी सोसाइटी के फ्लैट वापस खरीदे और उनका पैसा ब्याज सहित वापस करे। बिल्डर और सोसाइटी के बीच मध्यस्थता का काम डीटीपी प्रवर्तन आरएस बाठ कर रहे हैं। जिला प्रशासन अब तक तीन बार अलग-अलग प्रस्ताव लेकर जा चुका है, जिन्हें सोसाइटी के लोगों ने अस्वीकार कर दिया है। अब रविवार को पहले सोसाइटी के लोगों से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे, इसके बाद उनके पुनर्वास की नई योजना बनाई जाएगी।