गुरुग्राम। इस्राइल-ईरान के बीच चल रहे युद्ध के दौरान अमेरिका द्वारा किए गए सैन्य हमले के विरोध में एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) की जिला इकाई द्वारा डाकखाना चौक पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की अगुवाई जिला सचिव बलवान सिंह ने की, जिसमें संगठन से जुड़े सदस्य शामिल हुए।
राज्य कमेटी सदस्य श्रवण कुमार ने कहा कि सभी अंतरराष्ट्रीय मानदंडों का उल्लंघन करते हुए अमेरिकी साम्राज्यवाद ने ईरान पर हमला किया है, यहां तक कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की चेतावनियों को भी नजरअंदाज किया। अमेरिका ने ही इस्राइल को उकसाया है। ईरान में बिना वजह हमले किए जा रहे हैं।
वजीर सिंह ने कहा कि संगठन अमेरिकी साम्राज्यवादियों से मांग करता है कि ईरान पर किए जा रहे हमले तुरंत रोके जाएं। सभी देश एकजुट होकर अंतरराष्ट्रीय शांति आंदोलन को ताकतवर बनाएं। प्रदर्शन करने वालों में रामनिवास, इम्तियाज मोहम्मद, राजेश कुमार, कृष्ण कुमार, निरंजन लाल और कमल कांत आदि शामिल रहे। संवाद