कार की छत पर बैठकर युवकों ने किया डांस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर युवकों के गाड़ियों पर स्टंटबाजी करने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें युवक खतरनाक स्टंटबाजी करते हुए काले रंग की स्कॉर्पियो का दरवाजा खोलकर उसे चला रहे हैं।
वहीं, कारों की छतों पर भी युवक बैठकर टोल तोड़ ते हांडे थे’ गाने पर डांस करते नजर आए। ऐसे तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दो युवक तो सन रूफ खोल गाड़ी के ऊपर बैठकर डांस करते दिखे जबकि एक युवक पैर से दरवाजा खोलकर काले रंग की स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ा रहा है। स्टंट करने वाले युवकों ने खुद ही वीडियो शूट करके अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर ये वीडियो अपलोड किए हैं। स्टंटबाजी की वीडियो शाम के वक्त की है, जहां बजघेड़ा रोड पर काफी सारे युवा अपनी गाड़ियों के साथ दिखाई दे रहे हैं। कुछ युवक वहां भी अपने वीडियो बना रहे हैं और कुछ सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। हरियाणवी सांग ‘जितने भी से बैठे रे मेरा गला गाड़ी में कोई संत महात्मा कोनी र चंबल के डाकू स...’ गीत के साथ यह वीडियो डाला गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि स्टंटबाजी की वीडियो किस स्थान की हैं, इसकी जांच कराई जाएगी। स्टंटबाजी करके यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।