छोटी माता मंदिर के पास हुए झगड़े और फायरिंग में अभी काेई गिरफ्तारी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। छोटी माता मंदिर के पास पुरानी रंजिश में बीते शनिवार को हुए झगड़े व फायरिंग मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले में अब पालम विहार अपराध शाखा जांच करेगी। बृहस्पतिवार को सेक्टर-5 थाने से पालम विहार अपराध शाखा को फाइल भेजी गई है।
बीते शुक्रवार व शनिवार को हुए झगड़े में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज कराई है। एक पक्ष ने मारपीट करने के मामले में चार लोगों को नामजद किया है। वहीं, मंदिर के पास फायरिंग व मारपीट मामले में 11 लोगों को नामजद किया है। झगड़े में सुभाष नाम के व्यक्ति सहित अन्य लोग घायल हो गए थे। सुभाष को गंभीर चोटें लगने से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घायल सुभाष की शिकायत पर दर्ज मामले में चार लोगों अजय, राजा, नितिन व मुर्गी को नामजद किया गया है। वहीं, शनिवार की दोपहर छोटी माता मंदिर के पास करीब 12 हमलावरों ने दुकान में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की थी और कई राउंड फायर किए थे। हमलावर कार व बाइकों पर सवार होकर आए थे। इस हमले में करीब छह लोगों को चोटें लगी थीं। इस मामले में दर्ज एफआईआर में 11 लोगों सागर, आशु, दीपक, झाऊ, सोहेल, दीपक ऊर्फ गंजी, विशाल, बलजीत, विकास, अभिषेक व विशाल को नामजद किया गया है। पालम विहार अपराध शाखा से निरीक्षक जयवीर ने बताया कि गुड़गांव गांव के छोटी माता मंदिर के पास हुए झगड़े की फाइल शाखा को ट्रांसफर की गई है। जल्द ही मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई की जाएगी।