40 विद्यालयों के पहली कक्षा से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-22 स्थित रोटरी पब्लिक स्कूल में संविद 5.0 बुद्धि और संतुलन का समन्वय अंतर विषयक अंतर विद्यालयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें गुरुग्राम के 40 विद्यालयों के पहली कक्षा से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता, नवाचार, तार्किक सोच और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विनीत गोयनका ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. पुष्पा सेठी, डॉ. सविता चोपड़ा, डॉ. सुशील खुराना तथा विद्यालय की निदेशक-प्रधानाचार्या संदीपा राय सहित कई अतिथि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नवाचार, शोध और समाधान आधारित सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
दिनभर चली छह प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायकों ने किया। प्रतियोगिताओं में मैथ फैशनिस्टा में डीएवी पब्लिक स्कूल की देवांशी अरोड़ा, टेल्स एंड मूव्स में एसडी आदर्श विद्यालय की ध्रुवी एवं परिनिता, टेराड्रोन चैलेंज में इम्पीरियल हेरिटेज स्कूल की सरोज बाला, जागृति जंक्शन–दास्तान-ए-धुन में रोटरी पब्लिक स्कूल, जबकि बिज़डिफेंड चैलेंज में बीडी ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल विजेता रहा। गार्डन ऑफ अफर्मेशन में विशेष आवश्यकता वाले सभी बच्चों को सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
समापन समारोह में पूर्व महानिदेशक, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) डॉ. ईश कुमार ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में तार्किक सोच, नैतिक मूल्यों और निरंतर प्रयास का संदेश दिया। इसके बाद विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।