155 शिक्षकों को मिला प्रमाणपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों के शिक्षक इंट्रोडक्शन टू कंप्यूटेशनल थिंकिंग एंड कोडिंग ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। राज्य स्तर पर अब तक 7,162 शिक्षकों ने इस कोर्स में नामांकन कराया है, जिनमें से गुरुग्राम के 424 शिक्षक शामिल हैं। इनमें से 155 शिक्षकों ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर लिया है।
यह प्रशिक्षण शिक्षकों को कंप्यूटेशनल थिंकिंग, कोडिंग, साइबर सुरक्षा, एल्गोरिद्म, स्क्रैच प्रोग्रामिंग और कक्षा में तकनीक के प्रभावी उपयोग की जानकारी प्रदान करता है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को नई तकनीकों से जोड़ना है, ताकि वे विद्यार्थियों में समस्या समाधान, तार्किक सोच, रचनात्मकता और 21वीं सदी के अन्य आवश्यक कौशल विकसित कर सकें।
कोर्स में पांच मॉड्यूल शामिल हैं, जिनमें कंप्यूटेशनल थिंकिंग की अवधारणा, कक्षा में उसका उपयोग, स्क्रैच कोडिंग, एल्गोरिद्म तथा लेसन प्लान तैयार करने जैसे विषय शामिल हैं। प्रशिक्षण पूरा करने वाले शिक्षक इन गतिविधियों को अपनी कक्षाओं में लागू कर विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ सकेंगे।