पटौदी। जिला नगर योजनाकार नोडल अधिकारी आरएस बाट ने जाटौली और पटौदी की सब्जी मंडी समेत मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त निर्देश दिए। आरएस बाट ने बताया कि दोपहर बाद पहले जाटौली और फिर पटौदी की सब्जी मंडी और मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि दो-चार दिनों में अतिक्रमण हटाना होगा, नहीं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि अपनी दुकानों पर लगे टिनशेड भी हटा दें। दो-तीन दिन बाद पुन: निरीक्षण किया जाएगा और जो लोग इसे हटाएंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरएस बाट ने यह भी कहा कि मुख्य मार्ग पर बिना अनुमति मीट काटने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकारी जमीन पर रेहड़ियां, खोखे या सामान लगाकर किराया वसूलने वालों को चेतावनी दी गई कि यदि उन्हें ऐसा करते पाया गया तो कड़ी कार्रवाई होगी। इस मौके पर बीआई प्रदीप कुमार, चौकी इंचार्ज लोकेश कुमार और कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे। संवाद