गुरुग्राम। शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति जांचने और बंद या खराब लाइटों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी हैं, वहां भी आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यालयों में बैठकर रिपोर्ट लेने के बजाय फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें। निरीक्षण के दौरान जिन सड़कों और गलियों में रोशनी की कमी है, उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाजनक आवागमन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। आयुक्त ने स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा करने और किसी भी क्षेत्र में लंबे समय तक लाइट खराब रहने की स्थिति को गंभीरता से लेने को कहा। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त ने अधीक्षक अभियंता सचिन यादव को निर्देश दिए कि वे आदेशों की पालना सुनिश्चित करें और संबंधित अधिकारियों व एजेंसी के कार्यों की निगरानी करें। ब्यूरो