अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की पहल की है। निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने सभी वाटर बूस्टिंग स्टेशनों के जल्द निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्कूलों में पेयजल की गुणवत्ता जांचने के लिए नमूने लेने को भी कहा गया है।
गुरुग्राम नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। निगमायुक्त ने इंजीनियरिंग अधिकारियों को बूस्टिंग स्टेशनों की व्यवस्था जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सभी बूस्टिंग स्टेशनों की क्लोरिनेशन सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को स्वच्छता, साफ-सफाई और रखरखाव पर ध्यान देने के लिए निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान जहां भी सुधार की आवश्यकता होगी, वहां समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त पंकज ने शहर के स्कूलों में भी पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को स्कूलों से पानी के नमूने लेकर उनकी जांच करवाने को कहा गया है।
इंजीनियरिंग अधिकारियों को जलापूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने को कहा गया है। बूस्टिंग स्टेशनों के निरीक्षण और रखरखाव में किसी भी लापरवाही से बचने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों और विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
- डॉ. पंकज यादव, आयुक्त, नगर निगम, गुरुग्राम।