कई छात्राएं हो चुकी हैं हमले का शिकार, नगर निगम शिकायत के बाद नहीं कर रहा कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी।
गुरुग्राम। सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या से छात्राओं की सुरक्षा पर संकट गहराता जा रहा है। कॉलेज परिसर में कुत्तों का झुंड खुलेआम घूमता रहता है, जिससे छात्राओं के लिए कक्षाओं तक सुरक्षित पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। बीते दिनों में कई छात्राओं पर कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया, जिससे कॉलेज में डर और दहशत का माहौल बना रहता है। कॉलेज प्राचार्य की ओर से नगर निगम को कई बार इस समस्या के समाधान के लिए पत्र भेजे जा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
छात्रों का कहना है कि कुत्ते अक्सर कक्षाओं के बाहर घूमते रहते हैं और कई बार अचानक हमला कर देते हैं। कुछ छात्राएं हमले में घायल भी हो चुकी हैं, जिसके चलते अब कई छात्राएं कॉलेज आने से कतराने लगी हैं।
कॉलेज प्रशासन ने नगर निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द रेस्क्यू टीम भेजकर कुत्तों को पकड़ा जाए, ताकि परिसर में पढ़ाई का माहौल सामान्य हो सके। इससे छात्राओं और उनके परिजनों में गहरी नाराजगी है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कॉलेज के बरामदे से लेकर हाॅस्टल तक कुत्ते घूमते रहते हैं। काॅलेज प्रशासन का आरोप है कि न तो कुत्तों को पकड़ा जा रहा है न ही वैक्सीनेशन किया जा रहा है।
वर्जन
कॉलेज परिसर में लगातार कुत्तों का घूमना छात्रों के लिए खतरा बनता जा रहा है। कॉलेज प्रशासन ने नगर निगम को इस समस्या को लेकर चार से पांच बार पत्र भेजे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे छात्राओं में भय का माहौल है और प्रशासन की अनदेखी पर नाराजगी भी बढ़ रही है। - डाॅ. जित्तेंद्र मलिक, प्राचार्य, सेक्टर-14 कन्या महाविद्यालय