निगम ने नौरंगपुर और नैनवाल गांव में निर्माण कार्य शुरू किया, कासन, भांगरौला और झुंड सराय में निर्माण के लिए प्रक्रिया जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर की ओर से पांच गांवों में गंदे पानी की समस्या दूर करने के लिए जल्द ही सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निगम ने नौरंगपुर और नैनवाल गांव में एसटीपी का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, जबकि कासन, भांगरौला और झुंड सराय में निर्माण के लिए प्रक्रिया जारी है। झुंड सराय में एक एमएलडी क्षमता का एसटीपी बनाया जाएगा। वहीं नौरंगपुर, नैनवाल, कासन और भांगरौला में तीन-तीन एमएलडी क्षमता के एसटीपी तैयार किए जाएंगे। इन प्लांटों के चालू होने के बाद गांवों की गलियों में जमा होने वाले गंदे पानी की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पहले से चल रहे हैं दो एसटीपी
गांव मानेसर और नाहरपुर कासन के गंदे पानी के निस्तारण के लिए पहले ही एसटीपी चालू किया जा चुका है। वहीं नौरंगपुर और नैनवाल का गंदा पानी पहले एनएसजी के एसटीपी में भेजा जाता था। वहां पानी को शोधित करने के बाद ग्रीन बेल्ट में इस्तेमाल किया जाता था। पिछले कुछ समय से एनएसजी में पानी जाना बंद होने के कारण दोनों गांवों की कई गलियों में गंदा पानी जमा हो रहा है। नगर निगम की योजना गंदे पानी को जीएमडीए की मास्टर सीवर लाइन के जरिये बड़े एसटीपी तक पहुंचाने की थी लेकिन अभी तक सीवर लाइन का मास्टर लाइन से कनेक्शन नहीं हो पाया है। इसके चलते कई गांवों में सीवर ओवरफ्लो होने की समस्या बनी हुई है और गंदा पानी गलियों में जमा हो रहा है।
नौरंगपुर व गांव नैनवाल में एसटीपी का काम शुरू हो चुका है, कासन, भांगरौला और झुंड सराय में निर्माण के लिए प्रक्रिया जारी है। इनमें जल्द प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू किया जाएगा। एसटीपी के बनने से गांव में गंदे पानी से लोगों को राहत मिलेगी।
- मनदीप धनखड़, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम मानेसर