लोगों की शिकायत के बाद प्रशासन ने सड़क पर बनाया था कट
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर 102/102ए के पास कई महीनों से यूटर्न नहीं होने के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस बारे में निवासियों ने कई बार जीएमडीए और संबंधित विभागों को शिकायत दी थी। इसके बाद प्रशासन की ओर से यहां सड़क पर कट बनाया गया है। इससे लोगों को इससे राहत भी मिली है, लेकिन ट्रैफिक लाइट और स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है।
निवासियों का कहना है कि कट से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और घरेलू सहायिकाएं आवाजाही करती हैं। तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों के कारण यहां सड़क हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके लिए सेक्टर 102 के निवासी सुनील सरीन और हरि भगवान ने प्रशासन से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कट पर ट्रैफिक लाइट और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिल सके।