सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का अनुदान किया गया प्रदान
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के दौला गांव स्थित पीएम श्री स्कूल में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है। यह राशि स्कूल में खेलों की स्थिति सुधारने, इंडोर और आउटडोर दोनों तरह की सुविधाओं को विकसित करने और विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण माहौल उपलब्ध कराने के मकसद से दी गई है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस धनराशि का उपयोग केवल मैदान को आधुनिक रूप देने, इंडोर हॉल की मरम्मत करने व बच्चों को उन्नत खेल सामग्री उपलब्ध कराने में किया जाएगा। साथ ही खेल मैदान में उचित स्तर की ग्राउंड लेवलिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए जाएंगे।
अभी तक स्कूल में खेल संबंधी आधारभूत सुविधाओं की कमी के चलते विद्यार्थियों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बारिश के दिनों में आउटडोर ग्राउंड की स्थिति खराब हो जाती थी। अनुदान मिलने के बाद अब बच्चों को बेहतर माहौल में खेल प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जिससे उनकी खेल प्रतिभा निखर सकेगी। गांव के अभिभावकों का कहना है कि इस कदम से बच्चों का मनोबल बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभा भी आगे आएगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंजू चौधरी ने बताया कि यह राशि हमारे स्कूल के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इससे स्कूल में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। हमने अभी तक इसका फैसला नहीं किया है कि हम स्कूल में किस खेल का मैदान बनवाएं। हमारे स्कूल में कबड्डी की बेहतरीन टीम है, जिसके लिए हम चाहते हैं कि स्कूल में कबड्डी का मैदान बने ताकि बच्चों को उनके खेल में ओर बेहतर किया जा सके।