जीएमडीए करीब 4.84 करोड़ रुपये खर्च कर सड़क का कायाकल्प करेगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने घाटा रेड लाइट से फरीदाबाद टी-पॉइंट तक मास्टर रोड की विशेष मरम्मत का निर्णय लिया है। इस परियोजना पर 4.84 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जीएमडीए ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है।
यह सड़क गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड को सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) से जोड़ती है। करीब 1.25 किलोमीटर लंबा यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। प्रतिदिन करीब 40 हजार वाहनों को इस मार्ग पर परेशानी होती है। अरावली क्षेत्र से गुजरने वाली इस सड़क पर भारी वाहन अक्सर खराब हो जाते हैं। इससे यातायात भी प्रभावित होता है। जीएमडीए का उद्देश्य क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त कर यातायात को सुरक्षित बनाना है। साथ ही सड़क की गुणवत्ता में सुधार करना भी है।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि कार्य को सिरे चढ़ाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए आठ माह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है।