- एमएसयू ने विद्यार्थियों को बताए रोकथाम के उपाय, 80 छात्रों और शिक्षकों ने लिया हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम की मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट (एमएसयू) की ओर से मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, इस्लामपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों को वेक्टर जनित रोगों, टाइफाइड और रेबीज जैसे जूनोटिक रोगों के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में करीब 80 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
एमएसयू के ट्रेनिंग मैनेजर उमंग गुप्ता ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए संचारी रोगों की रोकथाम में जन-जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी की भूमिका पर प्रकाश डाला।
वरिष्ठ जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. महेश कौशिक ने टाइफाइड और रेबीज पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इन रोगों से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित भोजन और स्वच्छ पेयजल का उपयोग जरूरी है। उन्होंने पशु के काटने की स्थिति में तुरंत घाव को धोने और एंटी-रेबीज टीकाकरण पूरा कराने की सलाह दी।
माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. दिनकर कुमार ने वेक्टर जनित रोगों पर जानकारी देते हुए डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के कारण और बचाव के तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य दूत की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे प्राप्त जानकारी को अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाकर रोगों की रोकथाम में सहयोग कर सकें।