गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा वॉर्ड नंबर-27 में आयोजित विशेष वाटर कैंप को स्थानीय नागरिकों का उत्साहजनक सहयोग मिला। कैंप के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पानी से संबंधित विभिन्न समस्याओं का समाधान करवाया।
वॉर्ड-27 के निगम पार्षद आशीष गुप्ता द्वारा नगर निगम अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस कैंप में लगभग 40 से 50 लोगों ने भाग लिया और नए पानी कनेक्शन, मीटर संबंधी शिकायतों, एनडीसी एवं अन्य जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
कैंप के दौरान नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिससे लोगों को राहत मिली। स्थानीय निवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कैंपों से आम जनता को अपने घर के पास ही सुविधाएं उपलब्ध हो जाती हैं तथा समय और धन दोनों की बचत होती है।
निगम पार्षद आशीष गुप्ता ने नगर निगम गुरुग्राम की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित में आयोजित इस प्रकार के शिविर नागरिकों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनसुविधा कैंप आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान मिल सके। ब्यूरो