वित्त वर्ष 2026-27 में परिषद विकास कार्यों पर करेगी 66 करोड़ रुपये खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। शहर के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से सोहना नगर परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 66 करोड़ 59 लाख 15 हजार रुपये का विकास बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया है। बुधवार को परिषद सभागार में चेयरपर्सन प्रीति बागड़ी की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में भाजपा विधायक तेजपाल तंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बजट में नगर परिषद ने शहर की बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया है।
बजट के मुख्य आवंटन इस प्रकार है
वेतन : 13 करोड़ रुपये
सफाई व्यवस्था: 5.50 करोड़ रुपये
सड़क मरम्मत: 5 करोड़ रुपये
पार्क व बिल्डिंग रिपेयर : 2-2 करोड़ रुपये
मशीनरी व वाहन: 1.50 करोड़ रुपये
स्ट्रीट लाइट: 1 करोड़ रुपये
इसके अलावा, हार्वेस्टिंग, पब्लिक टॉयलेट और बिजली-पेट्रोल के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं।
आय के स्रोत :
परिषद को कुल 78 करोड़ 2 लाख रुपये की अनुमानित आय होने की उम्मीद है। आय के प्रमुख स्रोतों में स्टांप ड्यूटी से 33 करोड़ और सरकारी ग्रांट से 32 करोड़ मिलने का अनुमान है। साथ ही प्रॉपर्टी टैक्स, विज्ञापन शुल्क और नक्शा फीस से भी राजस्व जुटाया जाएगा।
पार्षदों ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान विकास कार्यों और अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल भी उठे। पार्षदों ने टेंडर न लगने, स्ट्रीट लाइट की कमी और कार्यकारी अभियंता की अनुपस्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। विधायक तेजपाल तंवर ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और विकास कार्यों में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।कार्यकारी अधिकारी सुनील रंगा ने बताया कि इस प्रस्तावित बजट को अब अंतिम मंजूरी के लिए डीएमसी गुरुग्राम भेजा जाएगा।