मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश, पेयजल से लेकर डिजिटल सुविधाओं तक स्कूलों की जरूरतों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के मुख्यमंत्री ने रविवार को स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) के सदस्यों से ऑनलाइन संवाद किया। करीब एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में एसएमसी सदस्यों ने स्कूलों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और जरूरतों को सामने रखा जबकि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
संवाद के दौरान पेयजल, शौचालय, भवनों की मरम्मत, डिजिटल सुविधाएं, खेल मैदान, खेल सामग्री, स्वच्छता और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण जैसे विषय प्रमुख रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने एसएमसी सदस्यों से स्कूलों के विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान में भूमिका निभाने का आग्रह किया। जिले से चयनित एक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान संबंधित विद्यालय के शिक्षक, स्कूल प्रमुख और एसएमसी सदस्य मौजूद रहे। शिक्षा विभाग का मानना है कि ऐसे संवाद से स्कूल प्रबंधन समितियों की भागीदारी और जवाबदेही बढ़ेगी, जिससे सरकारी स्कूलों के विकास कार्यों को और गति मिलेगी।