मानेसर की हवा बेहद खराब, एक्यूआई 340 दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। वायु प्रदूषण के स्तर में सोमवार को मामूली सुधार जरूर दर्ज किया गया लेकिन हवा की गुणवत्ता अब भी चिंताजनक बनी हुई है। मंगलवार सुबह प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, मानेसर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 340 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है और वहीं, गुरुग्राम का 235 दर्ज किया गया।
शहर में कई चौक-चौराहों और सड़कों पर भारी धूल जमी हुई है। हवा प्रदूषित होने से भी प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नजर नहीं आ रही। आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाला धुआं, वाहनों का उत्सर्जन और निर्माण कार्यों की धूल अब भी वायु गुणवत्ता को बिगाड़ रहे हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि इस स्तर की हवा में सांस लेना आंखों में जलन, खांसी, गले में खराश और अस्थमा के मरीजों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। विशेषज्ञों ने नागरिकों से मास्क पहनने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और वाहनों का सीमित उपयोग करने की अपील की है।