नगर निगम मानेसर इन कार्याें पर करीब 11.50 करोड़ रुपये खर्च करेगा
दीपक वर्मा
मानेसर। निगम क्षेत्र के मानेसर गांव में लंबे समय से पेयजल और सीवर की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब जल्द ही इन दिक्कतों से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। नगर निगम की ओर से मानेसर के वार्ड 10, 11 और 12 में पानी की नई पाइपलाइन डालने का काम शुरू कर दिया गया है।
इन वार्डों की गलियों में पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे लोगों को घर तक साफ पानी मिल सकेगा। इसके साथ ही सीवर की समस्या को दूर करने के लिए नई सीवर लाइन भी डाली जाएगी। इससे गंदे पानी की निकासी बेहतर तरीके से हो सकेगी और जलभराव की समस्या में भी छुटकारा मिलेगा। इन विकास कार्यों के लिए वार्ड 10 में करीब डेढ़ करोड़ रुपये, वार्ड 11 में 7 करोड़ रुपये और वार्ड 12 में 3 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सभी कामों के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं और कई जगहों पर काम शुरू भी हो चुका है।
मानेसर कॉलोनी में पिछले कई महीनों से पानी की किल्लत बनी हुई थी। लोगों को पीने के पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उन्हें ज्यादा खर्च और परेशानी उठानी पड़ रही थी। अब पाइपलाइन और सीवर लाइन का काम शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र की सड़कों को पक्का किया जा रहा है और नई टाइल्स लगाई जा रही हैं। कच्ची नालियों को भी पक्का किया जा रहा है, जिससे पानी की निकासी बेहतर होगी। इन कामों से लोगों को ज्यादा सुविधाएं मिलेंगी और रोजमर्रा की परेशानियां कम होंगी। साथ ही निगम की ओर से इलाके में अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे, जिससे बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी।
बॉक्स-
मानेसर गांव के तीन वार्डों में खर्च
वार्ड 10 – 1.5 करोड़ रुपये
वार्ड 11 – 7 करोड़ रुपये
वार्ड 12 – 3 करोड़ रुपये
वर्जन
मानेसर के तीन वार्डों में साफ पानी की सुविधा के लिए पाइपलाइन डालने का काम शुरू हो गया है। इसके साथ ही सीवर लाइन भी बिछाई जाएगी, ताकि गंदे पानी की निकासी सही तरीके से हो सके। क्षेत्र की सड़कों को पक्का किया जा रहा है और उन पर टाइल्स भी लगाई जा रही हैं, जिससे लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
-पुनीत, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम मानेसर