क्षेत्रवासियों को बरसात में जलभराव से मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम की मेयर राजरानी मल्होत्रा और विधायक मुकेश शर्मा ने वार्ड-25 में कई विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसमें सीवर लाइन और जलापूर्ति लाइन बिछाने, सेक्टर-17ए से सुभाष चंद्र पार्क तक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज की शुरुआत की गई। साथ ही सेक्टर-17बी की सड़कों के सौंदर्यीकरण कार्य और सेक्टर-14, सुखराली, ओल्ड डीएलएफ, प्रेम नगर और चंदन नगर में सीवर सिल्टिंग कार्यों की भी शुरुआत की गई। इससे क्षेत्रवासियों को बरसात में जलभराव से राहत मिलेगी।
विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि इन विकास कार्यों से लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र की सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि गुरुग्राम के हर वार्ड में जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने इन योजनाओं की शुरुआत पर खुशी जाहिर करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पार्षद अनूप सिंह, सुमित राव विद्यासागर, पूर्व पार्षद सुभाष सिंगला समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। बाद में विधायक जीआईए की बैठक में शामिल होकर उद्योगपतियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की और उनके मुद्दों पर विचार-विमर्श भी किया।