संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर 54 स्थित गोल्फ कोर्स सर्विस रोड पर पिछले करीब 20 दिनों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा रहने के कारण स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को शिकायत देने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
यह स्थान टाउनशिप के प्रवेश द्वार के पास स्थित है जहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोग और वाहन गुजरते हैं। सड़क पर फैले गंदे पानी के कारण लोगों को मजबूरी में उसी पानी से होकर निकलना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है जबकि पैदल चलने वालों को बदबू और गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी नरेंद्र, मधु, राजेश और मोना ने बताया कि सीवर का पानी बहने से आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। गर्मी और उमस के मौसम में बदबू बढ़ने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। यह समस्या कई दिनों से बनी हुई है जिस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है और यहां बदबू और पानी बहता रहता है।