दौलताबाद से द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली सड़क पहले तोड़ कर छोड़ी, अब जमा हो गया पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी, सूरत नगर, राजेंद्रा पार्क और टेकचंद नगर के निवासी द्वारका एक्सप्रेसवे जाम करने की तैयारी में हैं। दौलताबाद पुल से द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली सड़क निर्माण के लिए पिछले दिन तोड़ दी गई थी। ग्रेप नियमों के कारण तोड़े जाने के बाद सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा था। अब पूरी सड़क पर सीवेज का पानी भर गया है। इससे औद्योगिक क्षेत्र की गाड़ियों व आम लोगों की आवाजाही बंद हो गई है।
उद्यमियों ने पहले भी पूरी सड़क के निर्माण का विरोध किया था। उनकी मांग थी कि पहले सीवेज और ड्रेनेज की लाइन बना दी जाए इसके बाद सड़क बनाई जाएगी। पूरी सड़क में 200 मीटर सड़क ही खराब है, जिसकी मरम्मत कर दी जाए मगर प्रशासन ने सीएसआर गतिविधियों के तहत एटीएस ग्रुप द्वारा बनाई जा रही सड़क के निर्माण की इजाजत दे दी। दौलताबाद उद्योग संघ के अध्यक्ष पवन कुमार जिंदल ने बताया कि नवंबर के पहले हफ्ते में सड़क को तोड़ दिया गया जबकि उनके संगठन के प्रतिनिधियों से वादा किया गया था कि केवल उस हिस्से को बनाया जाएगा जो खराब है। सड़क निर्माण के लिए 60 दिनों का समय लिया गया और फिर ग्रेप के कारण काम बंद हो गया है।
उद्यमी हरीश गुप्ता ने कहा कि हम प्रशासन से इजाजत लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे जाम करेंगे। यह बहुत ही खराब स्थिति है। दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों को काफी नुकसान हो रहा है। यहां आस-पास के रिहाइशी इलाके के लोगों की आवाजाही बाधित हो रही है।