6 नवंबर से लापता था मूंगफली विक्रेता नईम, खाली टैंक में मिला था शव
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-65 थाना इलाके में हुई मूंगफली विक्रेता नईम खान की हत्या के मामले में आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें गुरुग्राम से लेकर यूपी तक रेड कर रही हैं। थाना पुलिस के साथ ही अपराध शाखा की टीमें भी हत्यारों की तलाश में जुटी है। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिली है। इसमें सेक्टर-63 के एक मॉल के पीछे के इलाके में चार संदिग्ध लोग दिखाई दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फुटेज में उन लोगों का चेहरा सही से दिख नहीं रहा है। लेकिन परिवार के आरोपों के अनुसार शक है कि ये वही लोग हो सकते हैं जिनका नईम से रुपयों को लेकर विवाद था। मृतक के भाई हनीफ के मुताबिक, नईम ने बबलू की बहन की शादी के लिए 75 हजार रुपये दिए थे। इसी विवाद को लेकर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नईम के लापता होने के दो दिन बाद 8 नवंबर की शाम करीब छह बजे उसके मोबाइल से खाताबुक ऐप पर 60 हजार रुपये की लेनदारी दर्ज की गई थी। वहीं मामले में सीसीटीवी फुटेज की जांच में ये भी सामने आया कि 8 नवंबर की शाम को सेक्टर-63 स्थित मॉल के पीछे के हिस्से में चार लोग कुछ खुदाई कर रहे थे।
पुलिस ने बुलडोजर की मदद से यहां खुदाई कराई लेकिन कुछ नहीं मिले। बाद में यहां से थोड़ा आगे सूखे सीवरेज गड्ढे से नईम का शव बरामद हुआ। मौके से नमक के खाली रैपर भी मिले। इससे आशंका है कि शव को जल्द गलाने के इरादे से उस पर नमक डाला गया था। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
नईम 6 नवंबर से लापता था और उसके भाई हनीफ ने गांव से लौटकर 11 नवंबर को सेक्टर-65 थाना में शिकायत दी थी। 14 दिन बाद बरामद किया गया। पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड से सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया। गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।