गुरुग्राम। प्रदेश सरकार के आदेशानुसार शुक्रवार से छठी से आठवीं कक्षा के छात्र स्कूलों में पढ़ाई करने पहुंचेंगे। हालांकि इसके लिए सभी छात्रों को स्कूल आने के लिए अभिभावकों की अनुमति लेकर आना होगा। स्कूलों को खोलने से पहले सफाई और सैनिटाइज किया गया है, ताकि छात्रों को संक्रमण से बचाया जा सके।
वहीं छठी से आठवीं कक्षा तक छात्रों के स्कूलों में आने से स्कूल प्रभारी और शिक्षकों पर बच्चों का ध्यान रखने की जिम्मेदारी ज्यादा रहेगी। क्योंकि छोटे बच्चे होने के कारण मास्क लगाने एवं सामाजिक दूरी बनाए रखना काफी मुश्किल होगा। ऐसे में शिक्षकों द्वारा बच्चों को जागरूक करना होगा। वहीं स्कूल आने वाले बच्चों को अभिभावकों द्वारा कोरोना महामारी के बारे में बताना होगा, ताकि वे सुरक्षित रह सकें।
जिले में 578 सरकारी स्कूल हैं। शुक्रवार से 83 मिडिल स्कूलों, 32 माध्यमिक स्कूलों और 95 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में बच्चे पढ़ाई करने आएंगे। बच्चों को अनुमति पत्र का प्रोफार्मा भेजा गया है, जिसे अभिभावकों को अपनी सहमति देनी होगी। वहीं जो बच्चे स्कूलों में नहीं आएंगे, वे ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रेमलता यादव ने बताया कि सरकारी स्कूलों में शुक्रवार से छठी से आठवीं कक्षा बच्चे पढ़ाई करने आ सकेंगे, स्कूलों में सफाई व सैनिटाइज करा दिया गया है। जो बच्चे स्कूल नहीं आएंगे, उनको ऑनलाइन पढ़ाई कराई जाएगी। स्कूल आने के लिए बच्चों के अभिभावकों की सहमति अनिवार्य है।