गुरुग्राम। सेक्टर 37 डी स्थित बीपीटीपी सोसाइटी में शनिवार को एक निजी स्कूल संचालक ने अपनी बसों को घुसाने के लिए गेट तोड़ दिया। इसको लेकर सोसाइटी के लोगों और स्कूल पक्ष के बीच जमकर नोकझोंक और मारपीट हो गई। इसमें एक सुरक्षा गार्ड जख्मी हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोसाइटी की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में थाना सेक्टर 10ए में तहरीर देकर स्कूल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
बीपीटीवी सोसाइटी की आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सौरव शर्मा ने बताया कि एक निजी स्कूल संचालक अपनी बसों को सोसाइटी के अंदर से होकर गुजारना चाहता है जबकि सोसाइटी के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित है। इसको लेकर समय-समय पर विवाद भी हो चुका है। शनिवार की सुबह स्कूल संचालक के 50 के आसपास लोग सोसाइटी में घुस आए और गेट को तोड़ दिया। गेट तोड़कर अपनी स्कूल बसें सोसाइटी के अंदर घुसा दीं। इसका सोसाइटी के लोगों ने विरोध किया तो स्कूल पक्ष के लोग हमलावर हो गए।
सोसाइटी में मौजूद सुरक्षा गार्डों ने रोका तो उनके साथ मारपीट कर डाली। एक गार्ड घायल हो गया। उसे पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। इसके बाद सोसाइटी की आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी थाने पहुंचे। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और फोटो पुलिस को सौंप दिए गए हैं। पुलिस तहरीर मिलने के बाद घटना की जांच कर रही है।