- गुरु तेग बहादुर शहीदी नगर कीर्तन 14 नवंबर को पहुंचेगी गुरुग्राम
- 16 नवंबर को रेवाड़ी रवाना होगी यात्रा, 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में होगा भव्य समापन समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही हिंद की चादर शहीदी नगर कीर्तन यात्रा 14 नवंबर को फरीदाबाद से गुरुग्राम पहुंचेगी। यह यात्रा गुरु तेग बहादुर के बलिदान, शिक्षाओं और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रतीक है।
सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक की और यात्रा मार्ग, सुरक्षा, सफाई, यातायात एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
म्यूजिकल शो प्रस्तुत होगा
यह यात्रा डीएलएफ फेज-1 गुरुद्वारा में पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु संगत इसका स्वागत करेगी। इसी दिन शाम को लेजर वैली पार्क में गुरु तेग बहादुर के जीवन और शहादत पर आधारित हिंद की चादर सैंड आर्ट म्यूजिकल शो प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह शामिल होंगे। शो में संगीत, प्रकाश, और रेत कला के संयोजन से गुरु तेग बहादुर की शिक्षाओं और मानवता के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा।
15 नवंबर को नगर कीर्तन गुरुग्राम शहर के विभिन्न गुरुद्वारों से होते हुए 16 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे रेवाड़ी में प्रवेश करेगी। यह यात्रा आगे विभिन्न जिलों से होती हुई 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेगी, जहां राज्य स्तरीय भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। यात्रा में कीर्तन, प्रदर्शनी, वाद-विवाद, और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल हैं।