फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: बसई में सेफ स्कूल जोन शुरू, बच्चों के लिए सुरक्षित होगा स्कूल तक का सफर

विज्ञापन
विज्ञापन
स्कूल के बाहर बनाया पैदल मार्ग, लगाए बोलार्ड और गति नियंत्रण के संकेतक
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बसई स्थित सरकारी स्कूल के आसपास बच्चों की आवाजाही सुरक्षित बनाने के लिए विकसित सेफ स्कूल जोन का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही बसई गुरुग्राम का तीसरा सरकारी स्कूल बन गया है, जिसे इस पहल के तहत कवर किया गया है।
परियोजना के तहत स्कूल के बाहर पैदल मार्ग, सुरक्षित क्रॉसिंग और हरित क्षेत्र विकसित करने के साथ सड़क की संरचना में भी बदलाव किए गए हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) के तहत जिला प्रशासन के लिए राहगिरी फाउंडेशन ने नगरो और हीरो के सहयोग से इस परियोजना को पूरा किया है। संबंधित सड़क नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) के अधीन आती है। स्कूल के बाहर पहले कच्ची जमीन, टूटा फुटपाथ, कचरे और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती थी। परियोजना के तहत इन स्थानों को व्यवस्थित कर पक्के पैदल मार्ग, हरित क्षेत्र और बैठने की जगह विकसित की गई है। पैदल क्षेत्र को वाहनों से अलग रखने के लिए पीले और गुलाबी रंग के ट्रैफिक-कैल्मिंग ब्लॉक लगाए गए हैं। वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए कर्ब, बोलार्ड और चैनलाइजेशन की व्यवस्था की गई है। स्कूल की ओर आने वाले मार्ग पर पैदल क्रॉसिंग, गति नियंत्रण संबंधी सड़क चिह्न और 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा के संकेतक लगाए गए हैं। कुछ स्थानों पर सड़क के मोड़ों की बनावट में भी बदलाव किया गया है, ताकि वाहन धीमी गति से मुड़ें और पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़े।
विज्ञापन

परियोजना में सड़क सुरक्षा के साथ पर्यावरण सुधार पर भी ध्यान दिया गया है। अनावश्यक पक्के हिस्सों को कम कर हरित और जल-पारगम्य स्थान विकसित किए गए हैं। इससे वर्षा जल के जमीन में समाने में मदद मिलेगी और गर्मी का प्रभाव कम करने में भी सहायता मिलेगी। जिला परिवहन अधिकारी एवं डीआरएससी के नोडल अधिकारी संजीव सिंगला ने कहा कि परियोजना की योजना बच्चों की आवाजाही को केंद्र में रखकर बनाई गई है। पहले जिन स्थानों का इस्तेमाल अव्यवस्थित पार्किंग के लिए होता था या जो कच्चे पड़े थे, उन्हें पैदल मार्ग, क्रॉसिंग और हरित बफर के रूप में विकसित किया गया है। राहगिरी फाउंडेशन के परियोजना प्रमुख रजत कालसी ने कहा कि सेफ स्कूल जोन में सड़क सुरक्षा, पैदल यात्री सुविधाओं, वाहनों की गति नियंत्रित करने और मनोरंजक स्थानों को एक साथ विकसित किया गया है।
विज्ञापन


378 स्कूलों की हुई है पहचान
गुरुग्राम में डीआरएससी ने सेफ स्कूल जोन कार्यक्रम के तहत 378 स्कूलों की पहचान की है। बसई और कादीपुर उन स्कूलों में शामिल हैं, जहां वर्ष 2026 में काम पूरा किया गया है। इसके अलावा आठ अन्य स्कूलों में परियोजना के तहत काम प्रस्तावित है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें