रोहतक में महिला कर्मचारी के साथ हुई घटना के विरोध में तीन नवंबर को जिला मुख्यालय पर भी जताएंगे विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री आवास कुरुक्षेत्र में 9 नवंबर को सफाई कामगार संघर्ष समिति हरियाणा के बैनर तले महापुकार रैली होगी। रैली को सफल बनाने के लिए शनिवार को कमला नेहरू पार्क में नगर निगम, नगर परिषद सोहना, हेलीमंडी, पटौदी, नगरपालिका फर्रुखनगर, स्कूल, आईटीआई, ग्रामीण सफाई कर्मचारी के अलावा दर्जनों विभाग के भी सैकड़ों सफाई, सीवर कर्मचारियों की आम सभा नगर निगम के प्रधान बसंत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान तीन नवंबर को सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया है।
सभा में नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के मुख्य संगठन कर्ता सुरेश नोहरा, नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य में सचिव सुनील चंडालिया, राज्य सह सचिव सुशीला देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कर्मचारियों की आम सभा में 26 अक्तूबर को एमडीयू रोहतक कॉलेज में महिला सफाई कर्मचारियों की ओर से मासिक धर्म के कारण अवकाश मांगने पर कपड़े उतरवाकर जांच करने के विरोध में संघ ने तीन नवंबर को सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया है।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति हरियाणा नौ नवंबर को महापुकार रैली के मंच से आंदोलन तेज करने का एलान करेगी। कर्मचारी सभा को अन्य के अलावा कर्मचारी नेता धर्मेंद्र राजेश कुमार भारत आदि ने भी संबोधित किया।