सोहना। आगामी 15 अगस्त तक सोहना विकासखंड में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस संदर्भ में खंड विकास अधिकारी व पंचायत अधिकारी परमेंद्र सिंह ने सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों को निर्देश दिया है। इस दौरान ग्राम पंचायतों में विभिन्न स्तर पर सफाई अभियान की शुरुआत सोमवार से की गई।
स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सार्वजनिक स्थानों, चौपालों और धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई कराई गई, जबकि 11 अगस्त को स्वच्छता विषय पर वाल पेटिंग और 12 अगस्त को पर्यावरण की शुद्धता व स्वच्छता के लिए पौधरोपण किया जाएगा। 13 को गंदगी मुक्त भारत विषय पर स्कूली बच्चों की ऑनलाइन पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, 14 अगस्त को गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर ग्राम पंचायत की तरफ से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ओडीएफ प्लस अभियान के तहत सभी गांवों में ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए आम ग्रामसभा का आयोजन होगा। विकासखंड मुख्यालय से सभी सरपंचों को 15 अगस्त के अवसर पर होने वाली आम ग्रामसभा के आयोजन की मुनादी के जरिए सभी ग्रामीणों को जानकारी दिए जाने का निर्देश दिया गया है। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी परमेंद्र सिंह ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए गए है कि वह अपने-अपने गांवों को गंदगी मुक्त बनाए रखने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं। सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक फलदार वृक्षों के लिए पौधरोपण करें और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों को साकार करें।