गुुरुग्राम। कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ-साथ प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ा दी है। अब फ्लाइट से आने वालों को आरडब्लूए में सूचना देनी होगी। सरकारी और प्राइवेट कार्यालयों में संभव हो तो वर्क फ्रॉम होम (ऑनलाइन) ही काम किया जाए। यह आदेश कमिश्नर राजीव रंजन ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जारी किए हैं।
कमिश्नर ने कहा है कि कोविड का खतरा अभी कम नहीं हुआ है। इसलिए बचाव के लिए सावधानियां बरतनी जरूरी हैं। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अनावश्यक रूप से यात्रा न करें। सार्वजनिक स्थानों पर बचाव के उपाय करें और सतर्कता भी बरतें। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों में शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। शादियों में मेहमानों की संख्या सीमित रखें और यह ध्यान रखा जाए कि शादी या अन्य कार्यक्रम, जहां पर खाने की व्यवस्था हो। वहां पर खाना प्लेट में डालते समय मास्क जरूर पहनें। एक तरफ टेबल पर बैठकर खाना खाते समय ही मास्क उतारें। सामाजिक दूरी का सख्ती से पालन करें।
प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि वह ऐसे आयोजनों में चेकिंग करें। कोताही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत चालान किए जाएं। बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लिफ्ट का इस्तेमाल करते हैं। वहां पर लिफ्ट में एक समय पर दो से ज्यादा लोग एक साथ यात्रा न करें। अन्य कॉमन एरिया में भी एहतियात बरतें। उन्होंने कहा कि इसके बारे में आरडब्लूए को जागरूक किया जाना चाहिए। फ्लाइट से आने वाले लोगों का भी आरडब्ल्यूए रिकॉर्ड रखें। यह जानकारी आरडब्लूए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ सांझा करें। ताकि उनकी मॉनिटरिंग करते हुए कोरोना से बचाव के आवश्यक कदम उठाए जा सकें। जिम का प्रयोग भी ऐहतियात के साथ किया जाना चाहिए। जहां तक संभव हो ओपन जिम या खुले एरिया में ही व्यायाम करें।
उन्होंने कहा कि परिवार में यदि एक भी सदस्य कोरोना पॉजिटिव आता है तो पूरे परिवार में संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। ऐसे में परिवार के सदस्यों को बहुत ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। पॉजिटिव आए व्यक्ति को आइसोलेशन में रखें और उनका शुगर लेवल भी चेक करते रहें। 94 से कम शुगर लेवल आने पर कोविड हेल्पलाइन नंबर 108 और 1950 पर कॉल करें क्योंकि उस समय उस मरीज को अस्पताल भेजने की जरूरत हो सकती है।
कचरे पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निगरानी रहेगी
कोविड मरीजों के घर से कचरा उठवाने के भी पहले की तरह सुरक्षित प्रबंध किए जाएं। बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण के काम पर हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड निगरानी रखेगा। भीड़भाड़ वाले स्थान रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मेट्रो स्टेशन आदि पर लोगों को कोविड प्रोटोकोल के बारे में जागरूक करने वाला अनाउसमेंट या डिस्पले विज्ञापन प्रसारित किया जाए।
बड़े पैमाने पर की जा रही है सैंपलिंग
बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने बताया कि गुरुग्राम में सैंपलिंग बड़े पैमाने पर की जा रही है। सोमवार को हरियाणा राज्य में हुई कुल सैंपलिंग में से 40 प्रतिशत सैंपल अकेले गुरूग्राम जिले में लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कोविड वैक्सीनेशन में गुरुग्राम जिला हरियाणा प्रदेश में तो टॉप पर है ही, देश के अग्रणी जिलों में भी शामिल है।