तावड़ू। ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के महासचिव देवीराम की अगुवाई में मुख्यमंत्री नायब सैनी का पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के खंड प्रधान सुनील गोगजाका सहित बड़ी संख्या में महिला सफाईकर्मी मौजूद रहीं।
ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के राज्य महासचिव देवी राम ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से गांव की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने में लगातार कर्मचारी सेवा कर रहे हैं लेकिन उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, जबकि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने भी ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के पक्के करने के आदेश जारी कर दिए हैं। उसके बावजूद प्रदेश की सैनी सरकार उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही। सरकार न तो कोई भत्ता दे रही है और न ही अन्य सुविधाएं, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को झाड़ू तक भी अपनी छोटी सी सैलरी से ही खरीदनी पड़ती है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि अगर उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया और सरकार नहीं जागी तो 24-25 मई को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के विधानसभा क्षेत्र नरवाना में दो दिवसीय राज्य स्तरीय महापड़ाव होगा। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने लगभग दो घंटे तक एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारे लगाए। संवाद