गुरुग्राम। यात्रियों को सुविधा देनेे के लिए गुरुग्राम बस डिपो से 5 नए रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन किया गया है। इसमें 3 बसें उत्तराखंड के हरिद्वार, देहरादून और हल्द्वानी के लिए, 1 बस राजस्थान के अजमेर और 1 बस उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर के लिए शुरू की हैै। हरिद्वार के लिए पहले ही एक रोडवेज बस का संचालन किया जा रहा है, जोकि सुबह 7 बजे गुरुग्राम बस अड्डे से चलती हैै।
हरिद्वार में कुंभ मेले के चलते यात्रियों की सुविधा के लिए एक औैर रोडवेज बस का संचालन शुरू किया गया है, जोकि रोजाना सायं 8 बजे गुरुग्राम बस अड्डे से चलेगी और रात्रि 2.30 बजे हरिद्वार पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है। अजमेर के लिए सुबह 11 बजे गुरुग्राम बस अड्डा से रोडवेज बस चलेगी औैर अजमेर से सुबह 8 बजे बस के चलने का समय रहेगा। देहरादून के लिए सुबह 7.30 बजे गुरुग्राम से बस चलेगी और देहरादून से वापस बस चलने का समय दोपहर 1.30 बजे का होगा। हल्द्वानी के लिए 8 बजे गुरुग्राम से बस चलेगी और हल्द्वानी से वापस बस चलने का समय सायं 5 बजे रहेगा।
वहीं, बुलंदशहर के लिए सुबह 7 बजे गुरुग्राम बस अड्डा से चल रही है, गत दिवस ही इस रूट पर बस सेवा शुरू की है। गुरुग्राम बस डिपो के महाप्रबंधक कुलबीर सिंह ढाका ने बताया कि यात्रियों की सुविधाओं के लिए इन 5 रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू की गया है। आगामी समय में अन्य रूटों पर भी रोडवेज बसों का संचालन शुरू किया जा सकता है। इससे पहले कुछ रूटों पर आमदनी को लेकर भी देखा जाएगा, कि किन रूटों पर बसें चलाने से विभाग को फायदा मिलेगा।