गुरुग्राम में बिलासपुर पटौदी रोड पर शनिवार रात कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो पलट गया और उसमें सवार 10-12 महिलाएं व चालक घायल हो गए। ये सभी महिलाएं टीवीएस वेयरहाउस ऊंचा माजरा में काम करती थीं। वे ड्यूटी के बाद अपने गांव नानू कला लौट रही थीं।
यह हादसा शनिवार रात लगभग पौने 8 बजे पटौदी बाईपास के पास हुआ। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार कार सवार ने सवारी ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। पलटने से ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय सवारी ऑटो में वेयरहाउस से काम कर लौट रही 10-12 महिलांए मौजूद थी। इन सभी के साथ ही ऑटो चालक को भी हादसे में चोट लगी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बाईपास से गुजर रहे वाहनों में सवार लोग यहां रुके और मदद करने लगे। घायलों को अलग-अलग गाड़ियों में आस-पास के निजी व सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
लोगों के अनुसार हादसे के बाद कार चला रहा युवक अपनी कार को यहीं छोड़कर भाग गया। घायलों में रेनू (42), संगीता (30) और रामरति (39) शामिल हैं। इन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन सभी को सामान्य चोटें आई हैं।
अन्य घायलों में राधा (36), सरिता (35), ज्योति (35), सुरेश देवी (50) और दूरबीन शामिल हैं। राधा गोरियावास की निवासी हैं, जबकि सरिता और ज्योति नानू कला की और सुरेश देवी और दूरबीन खानपुर की रहने वाली हैं। इन सभी को पटौदी के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और उन्हें सामान्य चोटें आई हैं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद पटौदी थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों के बयान लेकर पुलिस टीम मामले में कार्रवाई कर रही है।