नवाब शमसुद्दीन स्टेडियम की बदलेगी सूरत, एमडीबी ने दी मंजूरी
डेढ़ करोड़ रुपये से चार महीने में होगा स्टेडियम का काम पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। अरावली की वादियों में तिजारा मार्ग पर स्थित 19 एकड़ क्षेत्र में फैले नवाब शमसुद्दीन खेल स्टेडियम का कायाकल्प होने जा रहा है। स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य अगले चार महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। स्टेडियम के तैयार होने से अब युवाओं के खेल से सपने साकार हो सकेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि हाल ही में मेवात विकास बोर्ड (एमडीबी) की बैठक में स्टेडियम के पुनर्निर्माण एवं आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने के लिए राशि स्वीकृत की गई थी। इसके बाद से ही स्टेडियम के जीर्णोद्घार के कार्य में तेजी लाई जा रही है।
यह मिलेंगी सुविधाएं
पुनर्निर्माण के बाद स्टेडियम में क्रिकेट पिच, दौड़ने के लिए ट्रैक, बैडमिंटन कोर्ट और इंडोर खेलों के लिए प्रबंध किए जाएंगे। साथ ही आधुनिक ओपन जिम की भी स्थापना की जाएगी। ओपन जिम के बनने से क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को फिटनेस से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। इसके अलावा एक पार्क की व्यवस्था भी की जाएगी, जो पूरी तरह आधुनिक होगा।
हरियाणा सरकार में पूर्व मंत्री आजाद मोहम्मद ने बताया कि भाजपा सरकार की ओर से जिले के सभी खेल स्टेडियम के जीर्णोद्धार करने का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए जिला उपायुक्त के अथक प्रयासों से फिरोजपुर झिरका नवाब शमसुद्दीन खेल स्टेडियम के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। इसके लिए आगामी चार महीना में खेल स्टेडियम पूरी तरह खेलने के लिए तैयार होगा। मेवात विकास बोर्ड की ओर से खेल स्टेडियम का कार्य शुरू किया जाएगा। आजाद मोहम्मद ने बताया कि मेवात क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आगामी नवंबर माह के दौरान फिरोजपुर झिरका के नवाब शमसुद्दीन खेल स्टेडियम में एक क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे।