कई वाहन पानी में बंद पड़े, ट्रैफिक जाम से लोगों का बुरा हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम/फर्रुखनगर। साइबर सिटी में मानसून ने दस्तक दे दी है। जून के आखिरी दिन हुई बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं शहरवासियों के लिए नई मुश्किलें भी खड़ी कर दीं। सोमवार सुबह से लेकर शाम तक रुक-रुककर बारिश हुई, जिस वजह से जहां लोगों को राहत मिली, वहीं तेज बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या बन गई।
नगर निगम के अनुसार चार से पांच स्थानों को क्रिटिकल पॉइंट के रूप में चिह्नित किया गया। जहां हल्की बारिश के बाद भी जलभराव हो जाता है। सोमवार को सेक्टर 4, 5, 9, 14, 15, 18, शीतला माता रोड और महावीर चौक सहित अन्य क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर निचले इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर जलभराव के कारण वाहन बीच सड़क पर ही खराब हो गए।
आज भी यलो अलर्ट
बीते दो दिन से हो रही बारिश के बाद से तापमान में गिरावट देखने को मिली, जिस वजह से लोगों को राहत मिली है। खासतौर से उमस के कारण लोगों का बुरा हाल हो गया था। मौसम विभाग ने आज के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। आगामी दिनों में भी 33 से 34 डिग्री तक तापमान रहने की संभावना है। बारिश के बाद से दो डिग्री तापमान गिरने से लोगों को काफी राहत मिली है। अगले 2-3 दिनों तक बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। वहीं सोमवार को एक्यूआई 51 दर्ज किया गया।