पटौदी और फर्रुखनगर खंड स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) गुरुग्राम की ओर से शनिवार को पटौदी और फर्रुखनगर खंड स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने युवा सांसदों की भूमिका निभाते हुए देश-विदेश से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को सदन में उठाया। इनमें भारत पर अमेरिकी टैरिफ, निजी गोपनीयता एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रोजगार आधारित शिक्षा, बाल श्रम एवं शोषण तथा किसानों से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।
युवा सांसदों ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद तथा विचार-विमर्श के महत्व को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, तर्क-वितर्क और अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना है। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बासकुशला और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पथरेड़ी के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कक्षा नौवीं से 12वीं तक के करीब 100 विद्यार्थियों और 10 शिक्षकों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस मौके पर डायट प्रिंसिपल एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमिता रांगी, डीआरयू विंग प्रभारी अरुण कुमार राघव, राम किशन वत्स, पूनम कुमारी, भारती शर्मा, हरेंद्र और दुष्यंत शर्मा शामिल रहे।