पीड़ित महिला का आरोप-एजेंसी ने ट्रायल पर आरोपी को भेजा था
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। एजेंसी के माध्यम से ट्रायल पर आए एक कुक (घरेलू सहायक) ने काम पर रखने से मना करने पर परिवार को 11 घंटे तक परेशान रखा। कुक ने पीड़ित महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने डीएलएफ फेज-1 थाने में एफआईआर दर्ज की है।
ग्वाल पहाड़ी की एक सोसाइटी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने मैडली नामक एक एजेंसी से कुक और घरेलू सहायिका के लिए कहा था। घरेलू सहायक व कुक को भेजे जाने से पहले एजेंसी को उनका सत्यापन कराने के लिए भी कहा था। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को एजेंसी की ओर से विजय नाम के कुक को ट्रायल के तौर पर भेजा गया था। विजय का काम देखने के बाद परिवार ने उसकाे काम पर रखने मना कर दिया। वहीं, एजेंसी ने कुक का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया था।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि जब उन्होंने विजय को काम पर रखने से मना किया तो उसने परेशान करना शुरू कर दिया। लगातार 11 घंटे तक आरोपी ने उन्हें कॉल करके, सोशल मीडिया पर और यूपीआई के माध्यम से मैसेज कर धमकी दी। आरोपी ने अभद्र व्यवहार भी किया। आरोपी ने महिला को धमकी दी कि जब वह अपनी गाड़ी में जाएंगी तो वह अपने गैंग के साथ उसका पीछा करेगा और अगवा करने के साथ ही जान से मार देगा।
जांच अधिकारी सीमा ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), 79 के तहत एफआईआर दर्ज करके मामले की छानबीन की जा रही है। एजेंसी संचालक और कुक विजय के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।