जीएमडीए ने ठेकेदार को अप्रैल तक का काम पूरा करने का निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने चंदू बुढ़ेरा में 100 एमएलडी के संयंत्र के निर्माण की समय सीमा बढ़ाने से इनकार कर दिया है। प्राधिकरण ने ठेकेदार को नोटिस जारी करते हुए कहा कि 5वीं यूनिट का काम अप्रैल तक पूरा किया जाए।
जीएमडीए के चंदू बुढ़ेरा पेयजल संयंत्र में 100-100 एमएलडी क्षमता के चार प्लांट हैं। जीएमडीए ने पांचवीं यूनिट के कार्य को अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है ताकि गर्मियों में इस संयंत्र से पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाए। इसके निर्माण का काम जैन कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिला हुआ है। जीएमडीए इसे पिछले साल दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था लेकिन काम पूरा नहीं हो सका। इसके बाद अप्रैल तक काम पूरा करने का लक्ष्य ठेकेदार को दिया है। हालांकि, ठेकेदार मई तक का समय की मांग कर रहा है।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अभिनव वर्मा ने बताया कि ठेकेदार को अप्रैल तक काम पूरा करने का नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि जीएमडीए इस संयंत्र को जल्द संचालन करने की योजना रखता है ताकि नए सेक्टरों और पुराने शहर में पानी की उपलब्धता को बढ़ाया जाए। अधिकारी ने बताया कि चंदू बुढ़ेरा में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर पानी की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है। छठी यूनिट पर भी जल्द काम शुरू होना है। बता दें कि चंदू बुढ़ेरा जल शोधन संयंत्र (डब्लूटीपी) और बसई संयंत्र को मिलाकर 670 एमएलडी पानी उपलब्ध है। वहीं, डब्ल्यूटीपी बसई की यूनिट-4 (100 एमएलडी) के लिए जल्द कार्य अलाट किया जाना है। इस संयंत्र के साथ तीन दिन पानी स्टोरेज की क्षमता होगी।