दूसरे की आईडी पर चला रहा था रैपिडो बाइक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक महिला से फ्लैट और मोबाइल नंबर मांगना व यह कहना कि अकेली हो तो मैं ऊपर ही आ जाता हूं... एक रैपिडो चालक युवक को महंगा पड़ गया। उसके इस अभद्र व्यवहार पर महिला के पति ने उसकी पिटाई कर दी। जिसके बाद युवक को माफी मांगकर विवाद निपटाना पड़ा। इस संदर्भ में पुलिस शिकायत नहीं दी गई है।
पति का कहना है कि उसकी पत्नी को किसी काम से बाहर जाना था। इस पर उन्होंने रैपिडो बाइक राइड बुक की थी। थोड़ी देर में महिला ने रैपिडो चालक को लोकेशन पर पहुंचने का मैसेज भेजा। इस पर उसने पलटकर फ्लैट नंबर ही पूछ डाला। इतना ही नहीं, वह महिला से अपने मोबाइल नंबर पर फोन करने का दबाव बनाने लगा। उसने अकेले होने पर महिला के फ्लैट में भी जाने की बात कही। इस पर महिला ने अपनी पति को सूचना दी। जिसके बाद पति मौके पर पहुंच गया। पति के अनुसार वहां तीन से चार चालक मौजूद थे। पति ने आरोपी चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। विवाद बढ़ता देख रैपिडो चालक हाथ जोड़कर अपनी इस करतूत पर माफी मांगने लगा। पति का कहना है कि मोटरसाइकिल तो चालक की थी मगर वह किसी और की आईडी पर रैपिडो बाइक चला रहा था।