गोरखपुर से जोधपुर तक 2 अक्तूबर से साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन होगी संचालित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आगामी त्योहारी सीजन दशहरा, दिवाली व छठ पर्व के दौरान लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की होने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा गोरखपुर से जोधपुर तक साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह विशेष ट्रेन गुड़गांव रेलवे स्टेशन, रेवाड़ी जंक्शन व दिल्ली कैंट के रास्ते संचालित होगी। इससे हरियाणा व दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश व राजस्थान जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट पर सफर करने की सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, गोरखपुर से जोधपुर तक साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन-04829/30 को 2 अक्तूबर से 27 नवंबर तक नौ ट्रिप में संचालित किया जाएगा। ट्रेन का ठहराव मुख्य रूप से मेड़ता रोड, डेगाना, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी जंक्शन, गुड़गांव रेलवे स्टेशन, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, अयोध्या धाम व बस्ती आदि प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रहेगा।
जोधपुर से गोरखपुर की ओर जाते समय गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर सुबह 3.28 बजे ठहराव होगा। वहीं, जोधपुर की ओर जाते समय गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर दोपहर बाद 3 बजे ट्रेन का ठहराव होगा। यह ट्रेन हर बृहस्पतिवार की शाम 4.15 बजे जोधपुर से रवाना होगी और हर शुक्रवार को रात 11.25 बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी। ट्रेन में दो सेकेंड एसी, चार थर्ड एसी, आठ द्वितीय शयनयान श्रेणी, चार सामान्य (जनरल) श्रेणी के डिब्बे और दो गार्ड डिब्बे शामिल किए गए हैं।