उप मंडल अधिकारी ना. की अगुवाई में खाद्य आपूर्ति की टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। अवैध रूप से नकली पनीर बनाने वाले डेयरी संचालकों के खिलाफ शिकायत मिलने पर स्थानीय उपमंडल अधिकारी की टीम ने शुक्रवार को छापा मारा। खंड के गांव गुर्जर नंगला के में अवैध पनीर बनाने वाली तीन डेयरी पर छापा मारा। पूछताछ पर आरोपी किसी भी प्रकार के दस्तावेज टीम को नहीं दिखा पाए। इस कारण खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने अवैध पनीर कब्जे में लेकर उन्हें नोटिस दिया है।
उपमंडल अधिकारी नागरिक चिनार चहल ने शुक्रवार को खंड के गांव गुजर नंगला में इरफान डेयरी, कासम डेयरी, फारुख डेयरी पर छापा मारा। तीनों डेयरी में अवैध रूप से पनीर बनाने का कारोबार किया जा रहा था। किसी भी डेयरी प्रबंधक ने इनको चलाने के लिए संंबंधित विभाग से कोई अनुमति नही ले रखी थी। अवैध तरीके से मिलावट कर इन डेयरी में मिलावटी पनीर बनाया जा रहा था। इसके बाद यह लोग इसे दिल्ली-एनसीआर में बेचने का कार्य करते है। जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा इनका सेंपल लेकर अवैध पनीर को कब्जे ले लिया गया और डेयरी को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान फिरोजपुर झिरका के नायब तहसीलदार बलवीन्दर सिंह भी मौजूद रहें।
मिलावटी पनीर को रोजाना दिल्ली एनसीआर में किया जाता है सप्लाई
लंबे समय से फिरोजपुर झिरका खण्ड के दर्जनों गांवों में अवैध रूप से मिलावटी पनीर बनाने का धंधा जोरों पर चल रहा है। इस मिलावटी पनीर को दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में प्रतिदिन कई 100 टन मात्रा में सप्लाई किया जाता है। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर की दुकानों, होटलों और शादी व पार्टियों में परोसा जाता है। संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा वर्षों से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई, जिस कारण अवैध रूप से मिलावट की पनीर को बनाने वालों का गोरख धंधा फल फूल रहा है।
अवैध रूप से मिलावटी पनीर बनाने के जानकारी मिलने पर छापा मारा गया। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। -डॉ. चिनार चहल, उपमंडल अधिकारी ना.