विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का किया जाएगा आकलन
संवाद न्यूज ए़जेंसी
गुरुग्राम। जिले के राजकीय विद्यालयों में पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की तिमाही परीक्षाएं जुलाई के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है। शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। स्कूल एक जुलाई से खुलेंगे, जिसके बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा तैयारियों में तेजी आएगी।
जानकारी के अनुसार ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले अधिकांश विद्यालयों में लगभग आधा पाठ्यक्रम पूरा कराया जा चुका है, जबकि शेष पाठ्यक्रम जुलाई माह में पूरा कराया जाएगा। इसके बाद विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का अभ्यास दोबारा से कराया जाएगा ताकि वे परीक्षा की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकें। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार स्कूल खुलते ही शिक्षकों को परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। तिमाही परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आकलन किया जाएगा और परिणामों के आधार पर आगे की शैक्षणिक रणनीति तैयार की जाएगी। विभाग का मानना है कि तिमाही परीक्षाओं से विद्यार्थियों की पढ़ाई का नियमित मूल्यांकन होगा और शिक्षकों को भी सीखने में आ रही कमियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। इसके लिए विद्यालयों में दोबारा से कक्षाएं भी आयोजित की जा सकती हैं, ताकि विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर हो सके।
वर्जन
परीक्षाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विद्यालय खुलने के बाद शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। संभावना है कि परीक्षाएं जुलाई के अंतिम सप्ताह में आयोजित होंगी। विद्यार्थियों का करीब आधा पाठ्यक्रम पूरा कराया जा चुका है, जबकि शेष पाठ्यक्रम भी तय समय के भीतर पूरा करवा दिया जाएगा, ताकि छात्रों को पुनरावृत्ति के लिए पर्याप्त समय मिल सके। - इंदू बोकन, जिला शिक्षा अधिकारी गुरुगाम।