नूंह में मेवात दर्शन शोभायात्रा में झगड़ा हो गया है। गोली चलने की भी खबर है। बताया जा रहा है कि नूंह शहीदी पार्क के पास झगड़ा हुआ है। इलाके में भारी तनाव है। दोनों तरफ से पथराव जारी है। कई वाहनों को फूंकने की खबर है। वहां हवाई फायर भी हुए हैं। नूंह का बाजार बंद हो गया है। हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने जिले में धारा 144 लागू कर दी है। साथ ही एहतियान इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। ड्यूटी मैजिस्ट्रेट को नियुक्त किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, नूंह में विश्व हिंदू परिषद और मातृ शक्ति दुर्गा वाहिनी और बजरंग दल द्वारा निकाली गई पूर्व घोषित ब्रजमंडल 84 कोस शोभा यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच बवाल हो गया। यात्रा जैसे ही नूंह के नल्हड़ स्थित नलहेश्वर महादेव मंदिर से यात्रा जैसे ही शुरू हुई, वैसे ही पथराव और नारेबाजी शुरू हो गई। यात्रा में शामिल लोगों के साथ ही पुलिस पर भी पथराव किया गया। इस बीच बलवाइयों ने आगजनी शुरू कर दी। कई वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की गई, जबकि कई को आग लगा दी गई।
विश्व हिंदू परिषद और मातृ शक्ति दुर्गा वाहिनी ने सोमवार को ब्रजमंडल यात्रा निकालने का ऐलान किया था। विगत तीन साल से यह यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा हो नूंह से शुरू होकर फिरोजपुर झिरका होते हुए पुन्हाना के सिंगार गांव स्थित मंदिर तक जाना था। दोपहर करीब डेढ़ बजे नूंह के नल्हड़ शिव मंदिर से फिरोजपुर-झिरका की तरफ रवाना हुई यात्रा जैसे ही शहीदी पार्क के पास पहुंची, वहां एक समुदाय के लोग पहले से जमा थे। आमने-सामने आते ही दोनों पक्षों में तकरार हो गई। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। यात्रा के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, मगर भीड़ बेकाबू हो गई। भीड़ में शामिल उपद्रवियों ने कुछ गाड़ियों में आग लगा दी।